जबलपुर - पनागर स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है।
आग की चपेट में आने से केंद्र में रखे कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरों की केबल, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, पंखे और अन्य सामान जलकर राख हो गए। आसपास के लोगों ने कमरे से धुआं और आग की लपटें निकलते देख तुरंत दमकल विभाग और प्रशासन को सूचना दी।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी तेज थी कि उसका काला धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
इस घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र का काम पूरी तरह बंद हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगने के सही कारण और कुल नुकसान का पता लगाया जा रहा है।