जबलपुर/सिवनी: लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सिवनी जिले के धनौरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम छुई निवासी देवेंद्र कुमार सिरसाम वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा में भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भीमगढ़ विद्यालय में पदस्थ थे, जहां उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बहाली के बाद उनकी 14 माह की निलंबन अवधि का लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये का जीवन निर्वाह भत्ता लंबित था।
आरोप है कि इस राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के लिए विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनौरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे ने 32 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
लोकायुक्त ने बिछाया जाल
देवेंद्र कुमार सिरसाम ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 25 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। तय योजना के तहत 13 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने धनौरा कार्यालय में दबिश दी।
जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, बृज मोहन नरवरिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।